रेवाड़ी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 22, 23 तथा 29, 30 अगस्त को विशेष अभियान दिवस होंगे। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा नाम या विवरण से संबंधित दावे एवं आपत्तियां बीएलओ के पास प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर संबंधित मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की। डीसी ने सभी बीएलओ को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों को भी केंद्रों पर उपस्थिति जांचने को कहा गया है। अनुपस्थित मिलने वाले बीएलओ पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई होगी।