नारनौल। घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध उपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग की छापेमारी जा रही है। जिले में कुल 17 अवैध घरेलू सिलिंडर जब्त किए गए हैं। नारनौल में विभिन्न स्थानों पर 12 और कनीना क्षेत्र में 5 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
छापेमारी दल में मुख्य रूप से इंस्पेक्टर रवि कुमार, सब इंस्पेक्टर कानाराम और कुलदीप शर्मा, दयान सिंह इंस्पेक्टर की टीम सहित अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है और आमजन को सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की कालाबाजारी और इसके दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डीसी ने बताया कि 30 मार्च को शाम 5:00 बजे तक जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहा। जिले की 21 मुख्य गैस एजेंसियों के पास कुल 5274 सिलिंडरों का स्टॉक था जिसमें से 2051 सिलिंडर प्लांट से प्राप्त हुए थे। दिन भर में 865 सिलिंडरों की डिलीवरी की गई। जिसके बाद 4409 सिलेंडरों का क्लोजिंग बैलेंस बचा हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी के लिए कुल 20 वाहनों को लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अनियमित वितरण पर मेसर्स वरुणा एचपी ग्रामीण वितरक, निजामपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है और इसकी सूचना संबंधित सेल्स ऑफिसर को भी भेज दी गई है।