अटेली-महेंद्रगढ़ सड़क मार्ग पर गांव सिलारपुर के समीप हुई सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में भिजवा दिया। वहीं वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बेरी निवासी नवीन कुमार (26), मोहित (21) व हंसराज (23) बाइक पर सवार होकर महेंद्रगढ़ से अटेली की ओर जा रहे थे कि गांव सिलारपुर के समीप एक स्कूल की बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिसमें नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हंसराज व मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अटेली के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया। वहीं परिजनों की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।