संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। मुकंदपुरा गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार जसवंत की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव शिमला निवासी कालूराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई जसवंत सिंह रविवार को अपनी बाइक से खेतड़ी से बहरोड़ जा रहा था।
दोपहर करीब एक बजे जब वह मुकंदपुरा गांव के पास पहुंचा तो पीछे से आई कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जसवंत सिंह सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों और ग्रामीणों ने घायल को एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।