फोटो 13अटेली में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेते हुए छात्राएं। संवाद
मंडी अटेली। हिंदी पखवाड़ा के तहत पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रभाषा पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य कुसुमलता ने कहा कि राजभाषा हिंदी भारत की पहचान है। हिंदी में हमारी संस्कृति, जीवन मूल्य एवं संस्कार निहित हैं, इसलिए हिंदी का संरक्षण एवं संवर्धन किया जाना जरूरी है।
डॉ. सीएस वर्मा ने बताया कि हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यालय में कहानी, कविता, स्लोगन, भाषण व व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 12वीं छात्रा भारती ने प्रथम, लक्षिता ने द्वितीय तथा भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नारा लेखन में कक्षा 9वीं की छात्रा निधि प्रथम रही। कविता पाठ में छात्रा रितिका अव्वल रही जबकि अन्नू ने द्वितीय व मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कहानी लेखन प्रतियोगिता में छात्रा मेघा तंवर ने प्रथम सोपान को छुआ जबकि छात्रा जया द्वितीय व मुस्कान तृतीय सोपान पर रही । हिंदी व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के प्रतिभागियों को सात सदनों में विभाजित किया गया। उसमें मुंशी प्रेमचंद सदन प्रथम, कबीर सदन द्वितीय व हरिवंश राय बच्चन सदन तृतीय स्थान पर रहा। कनिष्ठ वर्ग कविता पाठ में इंदु, कहानी लेखन में महक यादव, कविता लेखन में प्रियंका व निबंध लेखन में महक शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रशासन की ओर से विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।