नारनौल। ट्रामा सेंटर के उद्घाटन के फेर में एक साल पहले लगे एसी अब धूल फांक रहे हैं। इनमें कुछ एसी तो खराब होने की कगार पर है, लेकिन उद्घाटन का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। ट्रामा सेंटर का फीता कटने से पहले ही 31 एसी की वारंटी-गारंटी खत्म हो चुकी है।
अब तो पीडब्ल्यूडी ने स्वास्थ्य विभाग को ट्रामा सेंटर हैंड ओवर भी कर दिया है। इसके बाद भी उद्घाटन की तारीख तय नहीं हुई है। इस उद्घाटन के फेर में एक साल से अधिक समय से लगे एसी अपनी गारंटी व वारंटी कम कर चुके हैं। ट्रामा सेंटर बनने के बाद साल 2024 में करीब 31 से अधिक एसी लगाए थे, लेकिन कभी उद्घाटन तो कभी फायर एनओसी के फेर में भवन बनकर तैयार होने के बाद भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा नहीं मिल सकी है।
करीब पांच साल पहले ट्रामा सेंटर का कार्य शुरू हुआ था, इसके बाद कभी कोरोना तो कभी अन्य कारणों से कार्य धीमा हो गया। 656.41 लाख रुपये की लागत से ट्रामा सेंटर का निर्माण सहित अन्य कार्य करवाए गए हैं। इनमें ट्रॉमा सेंटर में गंभीर मरीजों का इलाज करने के लिए सभी आपातकालीन सुविधाएं मौजूद रहेंगी। इसमें न्यूरोलॉजी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, लेबोरेटरी, एक्स-रे सहित अन्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे ही मिलेंगी।
ट्रॉमा सेंटर के लिए ये मिल चुके हैं उपकरण
बेड साइड लॉकर 100
विजिटर चेयर 70
नर्स टेबल 50
आईवी स्टैंड 30
सेमी फाउलर बेड 125
गद्दा 100
बेस साइड स्क्रीन 30
ओवर बेड टेबल 30
एसएस रैक ओपन टाइप 20
क्रेश कार्ट 20
लैब सैंपल कलेक्शन टेबल 20
पुस्तकों और सामान्य कार्यों के लिए स्टोरेज 20
डिलिवरी टेबल 10
2019 में ट्रामा सेंटर का छोड़ा गया था टेंडर
नागरिक अस्पताल में 2019 में जिला अस्पताल परिसर में ट्रामा सेंटर के भवन के निर्माण के लिए टेंडर छोड़े गए थे। ट्रामा सेंटर करीब चार करोड़ की लागत से बन रहा है। वहीं, पीडब्ल्यूडी 20 जून 2022 तक निर्माण कार्य पूरा कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपना था, लेकिन 2025 में स्वास्थ्य विभाग को हैंड ओवर किया है।
27 दिसंबर को भी उद्घाटन की स्वास्थ्य विभाग कह रहा था बात
27 दिसंबर को ट्रामा सेंटर के उद्घाटन के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कहा जा रहा था। इस दिन मुख्यमंत्री नायब सैनी महेंद्रगढ़ आने थे, लेकिन यह कार्यक्रम किसी कारणवश रद्द हो गया था। इसके बाद दो माह बीतने के बाद भी ट्रामा सेंटर शुरू नहीं हो सका है।
वर्जन:
पीडब्ल्यूडी ने स्वास्थ्य विभाग को बीते तीन-चार दिन पहले ट्रामा सेंटर को हैंडओवर कर दिया है। उनकी तरफ से कार्य पूरा करवा दिया गया है।
-जितेंद्र, जेई, पीडब्ल्यूडी।