महेंद्रगढ़। देश में सबसे कम लिंगानुपात वाले राज्य हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं चाहे वह रियो ओलपिंक का दंगल हो या फिर सौंदर्य प्रतिस्पर्धा। ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साक्षी मलिक के बाद महेंद्रगढ़ की बेटी अंशु यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मिस एंड मिस्टर टीन इंडिया कॉटेस्ट में परफैक्ट फिगर अवार्ड हासिल किया है।
ये प्रतियोगिता दिल्ली के एलई क्लब की ओर से शनिवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित की गई थी। अंशु के अवार्ड जीतने से उनके गांव सुरजनवास में खुशी का माहौल है। अंशु 15 वर्ष की उम्र में यह खिताब हासिल करने वाली पहली किशोरी हैं। जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया, नांगल चौधरी के पूर्व विधायक एवं यदुवंशी स्कूल के चेयरमैन राव बहादुर सिंह, प्राचार्य बाबुलाल यादव ने भी अंशु को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
अंशु के पिता अजित यादव ने बताया कि वह यदुवंशी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उसने प्रथम बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और पहले ही प्रयास में उसने बेस्ट फिगर अवार्ड हासिल किया। उन्होंने बताया कि यह कांटेस्ट दिल्ली के एलई क्लब की ओर से आयोजित करवाया गया था। इसमें 13 वर्ष से 19 वर्ष तक की किशोरी भाग ले सकती थीं।
नेशनल लेवल की इस प्रतियोगिता में 2000 प्रतिभागियों में मात्र 15 प्रतिभागी ही फाइनल में पहुंची थी। इस मौके पर बालीवुड की महान हस्तियों ने जज की भूमिका निभाई। इस अवसर पर संजय कपूर, रोहित रॉय, मनोज तिवारी, अमृता बिन, आशीष पटेल आदि मौजूद थे।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं का उदाहरण किया पेश
जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया ने अंशु की सफलता पर उसको बधाई दी और कहा कि 11वीं कक्षा की इस बच्ची ने महेंद्रगढ़ जैसे पिछड़े क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि अंशु ने सफलता प्राप्त कर न केवल बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का उदाहरण पेश किया है बल्कि अन्य लड़कियों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया है।
लोगों की दुआओं ने दिलाई जीत
अंशु के फाइनल में चयन होने के बाद क्षेत्रवासियों ने उनकी जीत के लिए काफी दुआएं मांगी थी। इसके अलावा गांव में हवन यज्ञ भी किया गया था। इस प्रतियोगिता में पूरे भारत वर्ष से 2000 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। पहले राउंड में लगभग 1500 किशोरी बाहर हो गई थीं फाइनल राउंड में 15 लड़कियां ही थीं उसको जीताने के लिए लोगों ने फेसबुक पर आए हुए लिंक पर हजारों लोगों ने अपना समर्थन दिया था।
परफेक्ट फिगर का खिताब जीतने वाली जिले की पहली लड़की
अंशु यादव ने बातचीत में बताया कि यह सब कुछ लोगों के प्यार और परिजनों के सहयोग से ही संभव हुआ है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। कमी है तो उन्हें तराशने की। अगर लड़कियों को लड़कों की तरह हर क्षेत्र में मौका मिले तो वे भी सफलता प्राप्त कर सकती हैं।