रोहतक मठ के महंत और अलवर के सांसद बालक नाथ पर बहरोड के विधायक बलजीत यादव द्वारा की गई अनर्गल टिप्पणी के विरोध में अधिवक्ताओं ने बार प्रधान यशवंत यादव के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बलजीत यादव के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान यशवंत यादव के नेतृत्व में वकीलों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि गत 15 नवंबर को बहरोड़ के निर्दलीय विधायक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अलवर के सांसद महंत बालकनाथ योगी के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी की। इससे आहत होकर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम मनोज कुमार को सौंपा। जिसमें कहा गया है कि महंत बालकनाथ, नाथ संप्रदाय के पूरे भारतवर्ष में सबसे बड़े साधु हैं। वे हिंदू संस्कृति में नाथ संप्रदाय के हिंदूवादी विचारधारा के संत हैं। इनका नाथ संप्रदाय के अलावा अन्य संप्रदाय के लोग बड़ा आदर करते हैं। वह हमेशा समाज के दीन दुखियों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। ऐसे में बहरोड़ के विधायक बलजीत यादव द्वारा उन पर की गई टिप्पणी से नाथ संप्रदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। ज्ञापन में जिला बार एसोसिएशन ने बहरोड के विधायक बलजीत सिंह पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर पीसी गुप्ता, राजेंद्र यादव, प्रवीण यादव, मनीष यादव, संदीप यादव, नवीन शर्मा, यादवेंद्र यादव, सुमित गुर्जर व चंद्रदेव यादव आदि भी उपस्थित रहे।