फोटो 32मिर्जापुर बाछौद में हवलदार बाबूलाल को मुखाग्नि देता बेटा डॉ. नितिन।संवाद
मंडी अटेली। गांव मिर्जापुर बाछौद निवासी बाबूलाल का अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव में सैन्य व राजकीय सम्मान के साथ किया गया। मुखाग्नि उनके बेटे डॉ. नितिन ने दी। बाबूलाल वर्ष 1996 से बीआरओ 110 आरसीसी में सेवाएं दे रहे थे।
शनिवार को वे कार से राजौरी से घर आ रहे थे कि रास्ते में पुंछ-राजौरी क्षेत्र में ट्रक से टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए चंडीगढ़ अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उन्होंने अपनी सेवा के दौरान दो साल भूटान में भी ड्यूटी दी थी।
इस अवसर पर नारनौल से उप निरीक्षक विजयपाल के नेतृत्व में पहुंचे हरियाणा पुलिस के जवानों ने मातमी धुन बजाकर शोक सलामी दी तथा राउंड फायर कर वीर सैनिक को अंतिम विदाई दी। जिला सैनिक बोर्ड नारनौल के प्रतिनिधि भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। हवलदार बाबूलाल के परिवार में बेटी डॉ. एकता भी हैं। उनके तीन भाइयों में स्व. राम सिंह भी सेना में रहे थे।
अंतिम संस्कार में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अटेली रेणुलता, सरपंच संजय कुमार, सरपंच दिलबाग सिंह, मा. धर्मेंद्र यादव, पीए विकास यादव, ग्राम सचिव, रविन्द्र बानियां, वीरेंद्र प्रधान सहित आसपास के गांवों के लोग, पूर्व सैनिक व क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।