संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। नारनौल में सहमति संबंध में रह रही एक लड़की को जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान गाड़ी चालक ने लड़के की मां को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। यह सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
नारनौल में एक युवक ने चार-पांच दिन पहले नूंह जिले के तावडू की एक लड़की के साथ सहमति संबंध में रहने की कोर्ट में अर्जी दी थी। इसके बाद वह अपने घर लेकर आ गया था। इसकी सूचना लड़की के परिजनों को लग गई। इसके बाद लड़की के परिजन उसे ढूंढते नारनौल पहुंच गए। लड़की के परिजनों ने इसकी तावडू थाने में शिकायत भी दी है। इसके बाद तावडू थाने से पुलिस कर्मी 19 अप्रैल की रात को लड़के के घर आए थे। उस दौरान लड़की ने साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह लड़की के परिजन लड़के के घर सफेद कार लेकर आए, जिसमें चार व्यक्ति बैठे हुए थे।
बताया जा रहा है कि पहले तो लड़की को उसके परिजनों ने मनाने की कोशिश की लेकिन जब उसने जाने से मना कर दिया तो जबरन ले जाने लगे। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे में लड़के के परिजन विरोध करते भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि लड़के के परिजनों ने लड़की को छुड़वा लिया। इस बीच गाड़ी में सवार लोगों ने लड़के की मां पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर शराबा सुनकर लोग एकत्रित हो गए। इस बीच गाड़ी में सवार लोग भागने में कामयाब हो गए। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि लड़के के परिवार वालों की तरफ से शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी।