रोहतक। महम में रविवार की देर रात पटवार एवं कानून गो एसोसिएशन के राज्य उप प्रधान विकास राठी (42) पर दो लोगों ने हमला बोल दिया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें महम सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रोहतक रेफर कर दिया गया।
महम के सीसरखास निवासी विकास राठी ने बताया कि महम में उनके एक दोस्त का शेयर मार्केट का कार्यालय है। रविवार को वे अपने दोस्त के कार्यालय में बैठे हुए थे। इस बीच उनके दो दोस्तों ने उनसे गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। वे दोस्तों से पूछते रहे कि आखिर किस बात पर उन्हें पीट रहे हो, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। आरोप है कि दोस्तों ने गिलास और स्टील की प्लेट से उन पर हमला किया।
हमले में उनके सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें परिजन महम सीएचसी ले गए। यहां उनके सिर में चार टांके लगे। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।