नोट बंदी के दो महीने बीतने के बावजूद भी न तो बैंकों की हालात सामान्य हो पाई है और न ही एटीएम की स्थिति में कोई सुधार हो रहा है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभी भी बैंकों व एटीएम के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें दिखाई देती है।
इसका मुख्य कारण शहर के कई बैंकों में उपभोक्ताओं को निर्धारित कैश उपलब्ध नहीं करवाने के अलावा शादियों के सीजन दोबारा से शुरू होना भी माना जा रहा है। शादियों का सीजन होने के कारण लोग पैसे निकलवाने के लिए बैंक खुलने से पूर्व ही बैंकों व एटीएम के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो जाते है लेकिन कई बैंकों में दोपहर बाद ही करेंसी खत्म हो जाती है, तो कुछ बैंकों में आईबीआई द्वारा निर्धारित 24 हजार रुपये की राशि भी नहीं दी जा रही है। हालांकि शहर में लगे एटीएम मशीनों में धीरे-धीरे कैश डलने लगा है जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है लेकिन कम कैश डालने के कारण इनमें दोपहर बाद ही कैश खत्म हो जाता है। जिसके बाद मशीनों में अगले दिन कैश डाला जाता है।
नहीं निकल रहे एक सप्ताह में 24 हजार
आरबीआई ने लोगों को अपने खाते से एक दिन या एक सप्ताह में 24 हजार रुपये तक की निकासी करने की बड़ी राहत दी है। लेकिन एकआध बैंक छोड़ दे तो कोई भी बैंक चार से पांच हजार से अधिक राशि नहीं दे रहा है।
एटीएम पर भी रही मारामारी
पैसों की निकासी के लिए मंगलवार को एटीएम पर भी लोगों की मारामारी रही। शहर स्थित कुछ एटीएम में ही पैसों की निकासी हो सकी। जिस कारण एटीएम के बाहर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं एटीएम में पैसे नहीं होने के बावजूद भी लोग एटीएम मशीनों के बाहर लाइन लगाकर मशीनों में पैसे डलने का इंतजार करते रहे।
बैंकों में पर्याप्त मात्रा में कैश नहीं आ रहा। इससे परेशानी ज्यादा हो रही है। अगर लोगों को निर्धारित कैश दिया जाए तो बैंकों में कुछ ही समय भीड़ खत्म हो जाएगी। -सुरेंद्र योगी
बैंक में कैश निकलवाने आया था परंतु आरबीआई द्वारा निर्धारित कैश भी नहीं दिया जा रहा है। बैंक में दस हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं।- संदीप कुमार
घर खर्च के लिए पैसे निकलवाने के लिए एटीएम पर पहुंचा था लेकिन यहां देखा तो लोगों की लंबी लाइन लगी हुई है। इसलिए पैसे के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। -प्रदीप कुमार