महेंद्रगढ़। जिलास्तरीय कराटे चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 17 मई को होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता मोहल्ला जवाहर नगर स्थित एक निजी स्कूल में कराटे एसोसिएशन की ओर से करवाई जाएगी। प्रतियोगिता में जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ अलग-अलग एकेडमी के 150 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
कराटे कोच लोकेश सैनी ने बताया कि मुकाबले सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और अंडर-21 वर्ग में होंगे। खिलाड़ियों के लिए काटा, कुमिते, टीम काटा और टीम कुमिते जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 3 बजे तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 80 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण करवा लिया है और शनिवार को रजिस्ट्रेशन का आखिरी दिन है। खिलाड़ी इन दिनों कोचों की निगरानी में लगातार अभ्यास कर रहे हैं।
इस चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 23 और 24 मई को बहादुरगढ़ में होने वाली राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।