फोटो 10 नपा कार्यालय में आर्द नई एंटी स्मॉग गन। संवाद
- फोटो : पुष्य नक्षत्र पर आभूषण की खरीददारी करने पहुंचे ग्राहक।संवाद
मंडी अटेली। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण और धूल की समस्या को कम करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने करीब 13 लाख रुपये की लागत से एंटी स्मॉग गन खरीदी है। सर्दियों में कोहरे, धुएं और धूल के कारण हवा की गुणवत्ता प्रभावित होने पर इस मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे हवा में मौजूद धूल के बारीक कणों को नीचे बैठाने में मदद मिलेगी।
नगर पालिका सचिव प्रशांत पाराशर ने बताया कि सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मशीन खरीदी गई है। इसका उपयोग जरूरत के अनुसार शहर के विभिन्न हिस्सों में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एंटी स्मॉग गन हवा में पानी की बारीक फुहार छोड़ती है। पानी की बूंदें धूल के सूक्ष्म कणों से मिलकर उन्हें नीचे बैठाने में मदद करती हैं। इससे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर उड़ने वाली धूल कम करने में सहायता मिलेगी।
मशीन से पेड़-पौधों पर जमी धूल-मिट्टी को भी साफ किया जा सकेगा। इससे शहर में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। खासकर दमा और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को धूल कम होने से राहत मिल सकती है। हालांकि, यह मशीन प्रदूषण के सभी कारणों को खत्म नहीं करेगी, लेकिन धूल नियंत्रण में उपयोगी साबित होगी।
वर्जन:
जरूरत के अनुसार मशीन का नियमित उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य सर्दियों में धूल और प्रदूषण के प्रभाव को कम करना व शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
-प्रशांत पाराशर, सचिव, नपा, मंडी अटेली।