फोटो नंबर-16जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारनौल।
नारनौल। नई शिक्षा नीति के तहत इस बार पहली से आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं में फेल होने वाले व विभिन्न विषयों में कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दोबारा अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 20 अप्रैल से अस्समेंट परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी विश्वेश्वर कौशिक ने बताया कि अब यदि कोई विद्यार्थी किसी विषय में कम अंक प्राप्त करता है या वार्षिक परीक्षा में असफल हो जाता है तो उसे अप्रैल में आयोजित होने वाली अस्समेंट परीक्षा के माध्यम से दोबारा योग्यता साबित करने का मौका मिलेगा।
इससे विद्यार्थियों पर फेल होने का दबाव कम होगा और वे अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से सुधार सकेंगे। शिक्षा विभाग का कहना है कि नई शिक्षा नीति के तहत किए गए इस बदलाव से विद्यार्थियों को सीखने और अपनी कमियों को सुधारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उधर सरकारी स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के बाद अब नॉन बोर्ड कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं भी शुरू होने जा रही हैं। इसके तहत पहली से पांचवीं कक्षा तक की परीक्षाएं 16 मार्च से आरंभ होंगी।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से इन परीक्षाओं को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही सभी स्कूल मुखियाओं को परीक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार बालवाटिका-3 से कक्षा तीसरी तक के विद्यार्थियों की परीक्षा निपुण दक्षता के आधार पर आयोजित की जाएगी।
वहीं चौथी और पांचवीं कक्षा की परीक्षा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से तैयार किए गए प्रश्न पत्रों के आधार पर ली जाएगी। जिले में कक्षा पहली से पांचवीं तक की परीक्षाओं में करीब 20 हजार 680 विद्यार्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षाएं सुबह 8:30 बजे से 11 बजे तक आयोजित की जाएंगी।