मंडी अटेली। गांव बिहाली पहाड़ की तलहटी में स्थित हनुमान मंदिर परिसर में खेल प्रतियोगिताओं व मेले का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ सरपंच सीताराम यादव ने रिबन काटकर किया।
वॉलीबॉल शूटिंग प्रतियोगिता में दूर-दराज गांवों की 20 टीमों ने भाग लिया जिसमें फाइनल मुकाबला पथरडी व गुरुग्राम की टीम के बीच हुआ। पथरडी की टीम विजेता रही। वहीं बहादुरगढ़ की टीम तृतीय स्थान पर रही।
कबड्डी में भहाला की टीम प्रथम व कलवाड़ी की टीम दूसरे स्थान पर रही। दंगल में 5100 रुपये की कुश्ती विकास, 11000 रुपये की दिपांशु सांपला ने जीती।
31000 रुपये का मुकाबला अंकुश व मंजीत शास्त्री के बीच हुआ जो बराबरी पर छूटा। 51000 रुपये कामड़े का आखिरी मुकाबला आशीष टिकान व भोला पहलवान आदमपुर डाडी के बीच हुआ जो काफी मशक्कत के बाद बराबरी पर रहा।
विजेता खिलाड़ियों को मेला कमेटी ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंदिर परिसर में गांव के निवासी कर्नल हरिसिंह ने भंडारे का आयोजन किया गया जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट सुमेर सिंह यादव रहे। मंच संचालन बाबू प्रहलाद ने किया।
इस अवसर पर थानेदार सत्यवीर सिंह, अमरसिंह नंबरदार, मास्टर रामरतन यादव, पंडित द्वारका प्रसाद, मास्टर हरनाम, रामोतार यादव, कृष्ण कुमार, सोमदत्त यादव, रविंद्र कालिया, कर्मवीर यादव, तेजपाल व मनोज पहलवान ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।