महेंद्रगढ़। आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम विधायक कंवर सिंह यादव की अनुपस्थिति में उनके पुत्र राहुल को ज्ञापन सौंपा गया।
यूनियन पदाधिकारी सुनीता, राजबाला और कांता ने बताया कि आशा वर्कर्स ने बस स्टैंड से प्रदर्शन शुरू किया। इसके बाद आईटीआई रोड, विश्वकर्मा चौक, डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक, ऑटो मार्केट और ब्रह्मचारी रोड से होते हुए विधायक के आवास पर पहुंचीं।
यूनियन ने मांग की कि केंद्र सरकार की ओर से वर्ष 2025 में घोषित 1500 रुपये की बढ़ोतरी जल्द लागू की जाए। नियमित कर्मचारी का दर्जा मिलने तक 30 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा लाभ दिए जाएं। वर्ष 2023 की हड़ताल के दौरान काटे गए मानदेय और इंसेंटिव का भुगतान भी किया जाए।
इसके अलावा मानदेय सहित मातृत्व अवकाश, मेडिकल लीव, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने और स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति पर दो लाख रुपये देने की मांग उठाई गई। आशा वर्कर्स और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा देने, ऑनलाइन काम का दबाव कम करने और भुगतान की स्लिप उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई।
यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर पंचकूला में राज्यस्तरीय धरना दिया जाएगा। इसके बाद दिसंबर में दिल्ली में प्रदर्शन किया जाएगा।