फोटो नंबर- 26ऑनलाइन आवेदनों की जांच करते टीम के सदस्य। स्रोत-संस्थान
नारनौल। राजकीय महाविद्यालयों में दाखिले को लेकर रविवार को भी शहर के दोनों कॉलेजों में छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करने में जुटी रहीं। कॉलेजों में जैसे-जैसे 9 जून आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है वैसे ही आवेदन की संख्या भी बढ़ रही है।
पीजी कॉलेज के दाखिला प्रभारी डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि रविवार को 66 आवेदन हुए। इससे अब कुल आवेदन 858 हो गए हैं। वहीं महिला कॉलेज की दाखिला प्रभारी डॉ. ममता सिद्धार्थ ने बताया कि वीरवार को 34 आवेदन होने के साथ अब कुल आवेदन की संख्या 487 हो गई है।
दाखिला प्रभारी डॉ. ममता सिद्धार्थ ने बताया कि अब आनलाइन आवेदन करने का समय कम रह गया है। इसलिए जिन छात्रों के दस्तावेजों में कमी है वे उसे जल्द पूरा करके आवेदन कर दे। उन्होंने बताया कि अंतिम दिनों के अंदर साइट में दिक्कत भी हो सकती। जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि समय पर आवेदन कर देने के बाद उसमें कमियों की जानकारी मिलने पर उसे दूर किया जा सकता है। परंतु अगर समय पर आवेदन किया और दस्तावेजों में कमी रह गई तो फिर दाखिले में भी दिक्कत हो सकती है। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं एक-दो दिन के अंदर अपने आवेदन कर दें।
इंसेट
बाबा खेतानाथ बहु तकनीकी संस्थान में आवेदन के लिए पोर्टल को ओपन कर दिया गया है। अब विद्यार्थी संस्थान में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि संस्थान में 10 वीं स्तर पर दाखिले के लिए 27 मई से और 12 वीं स्तर पर दाखिले के लिए 26 मई से आवेदन शुरू हुए थे, लेकिन पोर्टल ओपन नहीं होने के कारण विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे थे। वहीं पोर्टल बंद होने के कारण अधिकतर विद्यार्थी संस्थान में ऑफ लाइन दस्तावेज जमा करवा रहे थे। जानकारी के अनुसार अब तक संस्थान में दसवीं स्तर के लिए 42 और 12वीं स्तर के लिए 13 विद्यार्थियों ने दस्तावेज जमा करवाए थे। प्राचार्य अनिल यादव ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल को ओपन कर दिया गया है। अब विद्यार्थी सीएससी केंद्र व संस्थान में आकर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संस्थान में हेल्प डेस्क बनाई गई है, जिसकी सहायता से विद्यार्थी दाखिले संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।