महेंद्रगढ़। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से चलाए गए पांच दिवसीय अभियान का फिलहाल कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है। दुकानदारों को सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई थी लेकिन कर्मचारियों के जाते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो गई है।
नगर पालिका कर्मचारियों ने पिछले पांच दिनों में शंकर मार्केट, कांप्लेक्स, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक और आईटीआई रोड पर अभियान चलाया था। अब इन स्थानों पर फिर से अतिक्रमण दिखाई देने लगा है। दुकानों के बाहर सामान रखने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही है।
इससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है और पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिलता।
समाजसेवी मनीष राजपूत, संदीप, घनश्याम, रामनिवास और संजय ने कहा कि नगर पालिका की कार्रवाई केवल खानापूर्ति बनकर रह गई है। कर्मचारी आते हैं तो दुकानदार सामान अंदर कर लेते हैं और उनके जाते ही दोबारा बाहर रख देते हैं।
तीन दिन पहले यादव सभा की ओर से अतिक्रमण हटाने और सड़क किनारे लगी रेहड़ियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी दिया गया था। लोगों ने मांग की कि अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए।
नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि डीएमसी के आदेशानुसार शहर को सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। यह नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से निर्धारित स्थान पर ही सामान रखने और अभियान में सहयोग करने की अपील की।
फोटो संख्या:65-दोपहर 1:20 बजे बालाजी चौक पर सामान को उठाकर ट्रॉली में डालते कर्मचारी--संवाद