नारनौल। सोने व चांदी के दाम आए दिन आसमान छू रहे और ऐसे में यह आम आदमी की पहुंच से बाहर होने के चलते महिलाओं का रुझान आर्टिफिशियल ज्वेलरी की ओर ज्यादा हो रहा है। इसके अलावा महिलाएं सोना पहनने से इसलिए भी झिझक रही है, क्योंकि चोरी होने की घटनाएं भी शहर में बढ़ रही है। महिलाएं विवाह-शादियों व दीपावली के समय बाजारों में ज्यादा भीड़भाड़ होने के कारण भी सोने की ज्वेलरी कम और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहनना ज्यादा पसंद कर रही है।
महिलाएं अपनी लुक को आकर्षित बनाने के लिए भी आर्टिफिशियल ज्वेलरी का सहारा ले रही हैं। शहर में आर्टिफिशियल ज्वेलरी के विक्रेताओं ने बताया कि करवाचौथ के अवसर पर उतारी गई लाइट वेट ज्वेलरी ने ग्राहकों को खूब आकर्षित किया। विक्रेता बलबीर, मोनिका, सचिन, अशोक आदि के अनुसार करवा चौथ व अब दीपावली को लेकर महिलाएं डायमंड व पोलकी के आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेना ज्यादा पसंद कर रही है। अब दीपावली के चलते आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है और महिलाएं इन आर्टिफिशियल ज्वेलरी की जमकर खरीदारी कर रही है। इस ज्वैलरी की सबसे खास बात ये है कि इसमें महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए एक से बढ़कर एक डिजाइन को बाजार में उतारा गया है। दुकानदारों ने बताया कि शहर में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की करीब 50 दुकानें है और अब त्योहारी व विवाह-शादियों के सीजन को देखते हुए सभी पर अच्छा काम है। दुकानदारों ने बताया कि वे आर्टिफिशियल ज्वेलरी जयपुर, दिल्ली तथा मुंबई आदि शहरों से मंगवा रहे है। दुकानदारों ने बताया कि महिलाओं के साथ-साथ युवतियों को भी मोतियों की चमक वाली आर्टिफिशियल ज्वेलरी ज्यादा आकर्षित कर रही है।
बाजार में इन दिनों आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खूब मांग बढ़ रही है। ये ज्वेलरी दो सो रुपए से शुरू होकर दस हजार रुपए तक आ रही है। महिलाएं व युवतियां विवाह-शादियों व त्योहारों पर सोने से ज्यादा आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहनना पसंद कर रही है।
-मोनिका लखेरा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी विक्रेता।
करवाचौथ से बाजार में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खरीदारी शुरू हो गई थी। महिलाओं को आर्टिफिशियल ज्वेलरी खूब आकर्षित कर रही है। इसका कारण सोने का महंगा होना भी है और आर्टिफिशियल ज्वेलरी में डिजाइन भी एक से बढ़कर एक आ रहे जो महिलाओं व युवतियों को आकर्षित कर रहे है।
-बलबीर, आर्टिफिशियल ज्वेलरी विक्रेता।