फोटो संख्या:79- शंकर मार्केट में फैली गंदगी--संवाद
महेंद्रगढ़। लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 22वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहर के मोहल्लों और मुख्य बाजारों में सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। सभी वार्डों और बाजारों में करीब 28 टन कूड़ा जमा हो गया है।
राज्य कार्यकारिणी के आदेश पर हड़ताल को 30 अगस्त तक बढ़ाया गया है। बाजारों में हवा के साथ कचरा फैलने से दुकानदारों और लोगों को परेशानी हो रही है। डंपिंग प्वाइंटों से एजेंसी के कर्मचारी कूड़ा उठा रहे हैं लेकिन बाजारों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही।
दुकानदारों ने बताया कि शुक्रवार को रक्षाबंधन है। त्योहार के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ेगी, ऐसे में गंदगी से परेशानी और बढ़ सकती है। उन्होंने नगर पालिका से अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद से सफाई कराने की मांग की।
सफाई कर्मचारी प्रधान पूर्ण कुमार ने कहा कि सरकार से कई बार बातचीत हुई, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन मिले हैं। मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
फोटो संख्या:79- शंकर मार्केट में फैली गंदगी--संवाद