गांव देवास में सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा चोर।
महेंद्रगढ़। गांव देवास में फिर से चोरी के आरोपी नजर आए, जिन्हें रातभर लोग तलाशते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की, परंतु आरोपियों के बारे में पता नहीं लग पाया। सीसीटीवी कैमरे में जरूर कुछ आरोपी नजर आए। ग्राम सरपंच मनोज ने बताया कि गांव में पहले भी हथियारबंद लोग चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। ऐसे लोगों को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की है ताकि गांवों में भय का माहौल खत्म हो सके।
आठ जनवरी को भी गांव देवास में पांच हथियार बंद चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। चोरों की तस्वीर गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सीसीटीवी में दिखाई दे रहे पांच अज्ञात चोर हाथों में पिस्तौल व अन्य हथियार लिए हुए थे। गांवों में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दे रहे है कि चोर हाथों में अपने जूते व चप्पल लेकर गांव की अनेक गलियों में खुलेआम घूम रहे हैं। एक मकान से लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए।