नारनौल। नारनौल सहित आसपास के क्षेत्र में अभी भी 300 से ऊपर एक्यूआई दर्ज किया गया जो गंभीर श्रेणी में आता है। हालांकि मंगलवार की तुलना में बुधवार को थोड़ी गिरावट जरूर देखने को मिला।
बुधवार सुबह 370, दोपहर में 362 और शाम 6 बजे 332 एक्यूआई दर्ज किया गया। एक्यूआई में सुधार नहीं होने से आमजन को आंखों में जलन व सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले 18 अक्तूबर को 218, 19 को 279, 20 को 311, 21 को 390 दर्ज किया गया था।
नागरिक अस्पताल में बुधवार को अवकाश के बाद स्मॉग से परेशान मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि 28 अक्तूबर को अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने और 29 को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से संपूर्ण इलाके में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इससे हवाओं की दिशा में बदलाव से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार की संभावना बन रही है। केंद्रीय और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा एनसीआर दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 2.5 से पीएम 10 तक पहुंच जाता है। वायुमंडल में सूक्ष्म कण पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा सामान्य सीमा से कई गुना अधिक रही।
इंसेट
स्मॉग की वजह से सूर्य की चमक भी पड़ी फीकी
बादलों की आवाजाही और स्मॉग से सूर्य की रोशनी भी धुंधली पड़ गई है। दीपावली की रात हरियाणा एनसीआर दिल्ली में जमकर आतिशबाजी हुई थी। वहीं बुधवार को भी शाम ढलते ही पटाखों के आवाज सुनाई देने लग गई। आसमान में दूर तक फैली यह धुंधली परत उत्सव की चमक के साथ प्रदूषण की गंभीर तस्वीर भी पेश कर रही है।
इंसेट
स्मॉग से ऐसे करें बचाव
लंबी अवधि के लिए बाहर रहने से बचें। व्यायाम करने के लिए घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। आंखों में जलन होने पर पानी से अच्छी तरह धो लें। यदि ऐसा करने से कोई राहत नहीं मिलती है तो डॉक्टर से परामर्श करें। घर से निकलने के समय अच्छी गुणवत्ता का चश्मा और मास्क पहनें।