नारनौल। लंबे समय से कच्चे और जर्जर रास्तों की समस्या से जूझ रहे नारनौल के ग्रामीणों को जल्द बड़ी राहत मिलने जा रही है। मार्केट कमेटी की कंस्ट्रक्शन विंग की ओर से चार लिंक सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इनपर करीब 2.58 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, कई पुरानी सड़कों के मरम्मत प्रस्ताव भी स्वीकृति के अंतिम चरण में हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों, ढाणियों और मुख्य मार्गों को जोड़ने वाले ये रास्ते बरसात के दिनों में किसानों और ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन जाते हैं। कीचड़ और जलभराव के चलते आवागमन बाधित होता है व किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता हैं। अब इन रास्तों के तारकोलीकरण से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
स्वीकृत नई सड़कों में शहरपुर से लहरोदा, मंडलाना से रघुनाथपुरा, चिंडालिया से ढाणी भालोठ व नांगल काठा से चूडीना लिंक रोड शामिल हैं। इन मार्गों के निर्माण से आसपास के अनेक गांवों और ढाणियों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।
वहीं, नसीबपुर से खोड़मा वाया ढाणी किरारोद, मांदी से शहरपुर अव्वल होते हुए नारनौल, कुतबापुर से बड़कोदा, पीडब्ल्यूडी रोड से स्पोर्ट्स स्टेडियम सिहमा, गांव गोद से मोहनपुर व पटीकरा से शाहपुर दोयम सड़कों की मरम्मत के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं।
ग्रामीण लीलराम, मोहन, किरोड़ी व दिनेश आदि का कहना है कि वर्षों से इन सड़कों की मांग की जा रही थी। सड़कें बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि कृषि उत्पादों के परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी।
क्षेत्र के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे बरसात से पहले ग्रामीणों को राहत मिल सके।
वर्जन:
चार नई लिंक सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है और इन्हें तारकोल से पक्का बनाया जाएगा। इसके अलावा कई पुरानी सड़कों की मरम्मत के प्रस्ताव भी उच्च अधिकारियों को भेजे गए हैं जिनकी मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
-विक्रम यादव, कनिष्ठ अभियंता मार्केट कमेटी कंस्ट्रक्शन विंग, नारनौल