कनीना। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय करीरा में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा नौवीं एवं 11वीं में रिक्त स्थानों पर प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। पहले इसकी अंतिम तिथि 19 नवंबर थी। अब इसको बढ़ाकर 26 नवंबर कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा की तिथि आगामी 8 फरवरी 2025 निर्धारित की गई है।
प्राचार्य राजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि कक्षा नौवीं के लिए अभ्यर्थी महेंद्रगढ़ जिले का मूल निवासी हो एवं महेंद्रगढ़ जिले के किसी भी सरकारी व सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा आठवीं में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में अध्ययनरत होना चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म एक मई 2010 से 31 जुलाई 2012 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना चाहिए। यह एससी, एसटी, ओबीसी श्रेणियों सहित सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों पर लागू है। उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं के लिए अभ्यर्थी की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024-25 (अप्रैल 2024 से मार्च 2025 सत्र) के दौरान जिला में जहां जवाहर नवोदय विद्यालय कार्यरत हैं वहां के सरकारी व सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूल में दसवीं कक्षा में अध्ययनरत होना चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म एक जून 2008 से 31 जुलाई 2010 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना चाहिए।