फोटो 10नांगल चौधरी थाने में चौकीदारों के साथ बैठक करते प्रबंधक एसआई रविंद्र।स्त्रोत: प्रवक्ता
नांगल चौधरी। विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस ने नांगल चौधरी क्षेत्र के गांवों के चौकीदारों के साथ बैठक कर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव निष्पक्ष रूप से शांतिपूर्ण माहौल में कराने की बात कही।
बैठक में चुनाव के मद्देनजर चौकीदारों की भूमिका, कार्य व दायित्वों को बताया गया। जिले में पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशानुसार लगातार चुनावों को लेकर बैठक की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की रोकथाम करने में चौकीदार अपनी सहभागिता निभाते हुए पुलिस का भरपूर सहयोग करें। अगर गांव में किसी प्रकार की अफवाह या घटना की सूचना मिले तो बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत थाना को दें। जिससे समय रहते किसी भी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके। बैठक में चौकीदारों को मोबाइल कभी भी ऑफ नहीं रखने और हमेशा थाना के संपर्क में रहने की बात कही। उन्होंने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में मतदान को लेकर लोगों को जागरूक करते रहने और अपने-अपने क्षेत्र में स्थित मतदान केंद्रों पर नजर रखने की बात कही। क्षेत्र के ऐसे लोगों को चिन्हित करने की बात चौकीदारों से कही, जो अवैध कारोबार में संलिप्त है। विधानसभा चुनाव और चुनाव से पूर्व किसी भी तरह के वाद-विवाद, पुरानी रंजिश, लड़ाई-झगड़े की सूचना तुरंत प्रभाव से पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि चुनाव में विघ्न डालने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।