नारनौल। राजकीय महाविद्यालय की दो दिवसीय 68 वीं खेलकूद प्रतियोगिता का वीरवार को समापन किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. संतोष कुमार खटाणा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि विजय कुमार खटाणा और देवेन्द्र कुमार खटाणा रहे। अनुष्का को बेस्ट एथलेटिक्स व ईश्वर को भी बेस्ट एथलेटिक्स का खिताब दिया गया।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. पूर्ण प्रभा एवं उपप्राचार्य डॉ. जगजीत सिंह मोर ने समस्त स्टाफ सदस्यों अतिथियों का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया। डॉ. संतोष कुमार खटाणा ने कहा कि आज का युग खेलों का युग है। सभी विद्यार्थियों को एक खेल में जरूर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल प्राचीन समय ही मनुष्य के तन और मन को स्वस्थ रखने में प्रमुख भूमिका निभाते हैं । उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने वाले छात्रों को हर क्षेत्र में सफलता मिलती है।
इस मौके पर खेल प्रभारी प्रो डॉ. संजय तंवर द्वारा पूरे वर्ष की खेल गतिविधियों की रिपोर्ट पढ़ी गई। उन्होंने बताया की पूरे वर्ष में महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तीरंदाजी कबड्डी, एथलीट इवेंट, खोखो, योगा ,वॉलीबाॅल ,शतरंज, क्रिकेट में छात्र/ छात्राओं में इंटर विश्वविद्यालय / विश्वविद्यालय तथा राज्य स्तर पर कांस्य,रजत एवं स्वर्ण पदक जीते हैं । खेल कूद प्रतियोगिता में मंच का संचालन डॉ. सुभाष चंद्र और डॉ. जयपाल और डॉ. विजेंदर सिंह ने किया। महाविद्यालय कुलसचिव डॉ. सत्यपाल सालोदिया द्वारा खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट वितरण का काम किया।
खेल प्रभारी डॉ. संजय तंवर, डॉ. कपिल देव, डीपीई डॉ. हंसराज गुर्जर, डीपीई मुकेश कुमार वर्मा और सभी स्पोर्ट्स कमेटियों के सभी सदस्यों ने खेलों में सभी प्रतियोगिताओं को सुंदर ढंग से संपन्न करवाया। मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार खटाणा समाजसेवी द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों को ट्रेक सूट और खेल किट देकर सम्मानित किया। अंत में मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य व समस्त स्टाफ द्वारा अलग-अलग 100 मीटर रेस, 200 मीटर रेस, 400 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, शॉट पुट थ्रो, डिस्कस थ्रो आदि खेलों में सभी लड़कियों और लड़कों को प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले को पारितोषिक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया। कॉलेज की सभी प्रतियोगिताओं में छात्रा अनुष्का एमएसी को बेस्ट एथलेटिक्स व छात्र बीए द्वितीय वर्ष ईश्वर को लड़कों में बेस्ट एथलेटिक्स का खिताब दिया गया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ खेलकूद प्रतियोगिता का समापन किया गया।