फोटो संख्या:72- राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेते विद्यार्थी
महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालय के जीव विज्ञान विभाग एवं पर्यावरण एवं इको क्लब के तत्वावधान में पक्षियों पर आधारित कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पक्षी जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. अश्विनी यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि विभिन्न पर्यावरणीय कारकों के कारण पक्षियों की प्रजातियां लगातार घटती जा रही हैं और इसके लिए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपने आस-पास के पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
उन्होंने विशेष रूप से गौराया कि गौरैया और घरेलू चिड़ियों जैसी आम प्रजातियां मानव आवास के आसपास रहती हैं और धीरे-धीरे खत्म होने की कगार पर हैं। इन पक्षियों के संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाना आवश्यक है। इको क्लब के प्रभारी प्रो. जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में न केवल प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है बल्कि उन्हें यह भी सिखाना है कि मानव आवास और पक्षियों के आवासों का संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ उन्हें दैनिक जीवन में इन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अनु (बीएससी प्रथम वर्ष, लाइफ साइंस), द्वितीय स्थान पर पारुल (बीएससी लाइफ साइंस) और तृतीय स्थान पर मुस्कान (बीएससी प्रथम वर्ष, लाइफ साइंस) रही। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्य द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।