फोटो संख्या:52- लुवास के रिजनल सेंटर में कुत्ते के रेबिज का टीका लगाते चिकित्सक--संवाद
- फोटो : udhampur news
महेंद्रगढ़। गांव रिवासा स्थित हरियाणा पशु विज्ञान केंद्र में सोमवार को विश्व रेबीज दिवस पर निशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन लुवास हिसार के विस्तार शिक्षा निदेशालय के सहयोग से किया गया। इस दौरान 20 पशुपालकों ने अपने पालतू पशुओं को एंटी-रेबीज का टीका लगवाया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. योगेंद्र सिंह यादव ने बताया कि रेबीज बेहद गंभीर और जानलेवा संक्रमण है। लक्षण दिखाई देने के बाद इसका इलाज संभव नहीं होता, इसलिए बचाव और समय पर टीकाकरण ही सबसे जरूरी है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि पालतू और आवारा पशुओं का नियमित टीकाकरण तथा लोगों में जागरूकता बढ़ाकर रेबीज के खतरे को कम किया जा सकता है।
वैज्ञानिकों ने बताया कि कुत्ते या किसी अन्य जानवर के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से 10 से 15 मिनट तक धोना चाहिए। घाव पर मिर्च, हल्दी या कोई घरेलू पदार्थ नहीं लगाना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र जाकर एंटी-रेबीज टीका लगवाना जरूरी है।
शिविर में पशुओं का टीकाकरण करने के साथ पशुपालकों के सवालों के जवाब भी दिए गए। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र यादव, डॉ. राहुल, डॉ. अमित सांगवान सहित कर्मचारी मौजूद रहे।