नारनौल। पेपर रिम के नाम पर साइबर फ्रॉड करने के मामले में साइबर थाना पुलिस टीम ने रविवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान चेतन वासी विद्याधर नगर जयपुर राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस ने जयपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस द्वारा एक आरोपी अलपित वासी मित्र नगर, कैनाड रोड जयपुर को राजस्थान के जयपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है। शिकायतकर्ता विजय सिंह वासी पृथ्वीपुरा अटेली ने साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि इंडिया मार्ट के प्लेटफोर्म पर एवी एंटरप्राइजेज नाम की एक फर्म जो कि ए-फोर साइज पेपर रिम का व्यवसाय करती है, उसका फोन नंबर लेकर शिकायतकर्ता ने ए-फोर साइज पेपर रिम के लिए फोन पर बात की व 135 रुपये प्रति पेटी का मूल्य तय करके उसने खाते से दिसंबर में 27,250 रुपये फर्म के एक खाता में डलवाए। फिर 10,000 रुपये फर्म के दूसरे खाता में व दिसंबर में ही 17,250 रुपये फर्म के तीसरे खाता संख्या में डाल दिए। उसके बाद शिकायतकर्ता ने उनको फोन किया तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। जिस पर उसने ऑनलाइन शिकायत 1930 पोर्टल पर की थी। साइबर ठगों ने उसके साथ कुल 54,500 रुपये का फ्रॉड कर लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपितों को पकड़ा।