फोटाे संख्या:54- अनिल कौशिक को कला गौरव सम्मान से सम्मानित करते आईएएस अधिकारी ललित मेहरा व अन्य
महेंद्रगढ़। प्रवासी हरियाणा मंच जयपुर की ओर से हरियाणा भवन में महेंद्रगढ़ निवासी अनिल कौशिक को कला गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। उनको यह सम्मान गत दिवस वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ललित मेहरा व राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के निदेशक आरडी बंसल की ओर से प्रदान किया गया।
प्रसिद्ध रंगकर्मी व टीवी कलाकार अनिल कौशिक को यह सम्मान हरियाणवी संस्कृति को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रदान किया गया। अनिल कौशिक ने कहा कि व्यक्तित्व विकास एवं समाज की मुख्य धारा को विकसित करने के लिए एक कलाकार होना नितांत आवश्यक है। बता दें कि हरियाणा सरकार में कलाकार परिषद के निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं देने के साथ हरियाणा सरकार में सांस्कृतिक गतिविधियों के राज्य नोडल अधिकारी के रूप में अनिल कौशिक ने हरियाणा के कलाकारों को राष्ट्र स्तर पर सार्थक पहचान दिलाई।
हरियाणा पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चर्चित लाइट एंड साउंड शो जिसका राष्ट्रीय स्तर पर मंचन किया जा रहा है, का निर्देशन भी अनिल कौशिक द्वारा किया जा रहा है। शीघ्र ही इस नाटक का मंचन कई अन्य देशों में किया जाएगा। उनको यह सम्मान मिलने पर हरियाणा पुलिस के डीजी ठाकुर ओपी सिंह, अंबाला के आईजी सिवाश कविराज, नारकोटिक डिपार्टमेंट के एसपी पंखुड़ी कुमार, आईएएस अधिकारी भूपेंद्र सिंह, महेश्वर शर्मा, यशेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह ने अनिल कौशिक को बधाई दी।