कनीना। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को लोकेशन आधारित जियो फेंसिंग हाजिरी लगाने के लिए बाध्य करने वाले निर्णय का हरियाणा स्वास्थ्य मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसएमओ डॉ. रेणु वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
तालमेल कमेटी के संयोजक शीशराम यादव ने बताया कि यदि सरकार ने निजता भंग करने वाला कानून वापस नहीं लिया तो सभी वर्ग एक बैनर तले आंदोलन करेंगे। स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर सिविल सर्जन कार्यालय पर धरना भी देंगे। उन्होंने बताया कि इस ऐप के डाउनलोड करने से कर्मचारी की निजी जानकारियां व डेटा ऐप पर चला जाएगा। इससे कर्मचारी के साथ धोखाधड़ी होने की प्रबल संभावना है।
कर्मचारियों की निजी जानकारी व डेटा का प्रयोग करके साइबर क्राइम व डीपफेक का शिकार बना सकते है। इस ऐप को डाउनलोड करते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी इस खौफ में जिएंगे कि उनके साथ भी ऐसा कभी भी हो सकता है। नर्सिंग अधिकारी राजकुमारी व सचिन कुमार ने बताया कि यह प्रणाली कर्मचारियों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है।
कार्य स्थल पर अनावश्यक तकनीकी दबाव व असुविधा महसूस करवाती है। इस अवसर पर समस्त नर्सिंग अधिकारी, फार्मेसी अधिकारी, लिपिक वर्ग, एनएचएम के कर्मचारी, डेंटल सर्जन, चिकित्सा अधिकारी व एमपीएचडब्ल्यू आदि मौजूद रहे।