फोटो संख्या:56- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में रखी एनेस्थीसिया मशीन---संवाद
महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। अस्पताल में नई एनेस्थीसिया मशीन स्थापित की गई है। इस आधुनिक मशीन के आने से ऑपरेशन के दौरान मरीजों को बेहोश करने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा सुरक्षित और सटीक हो जाएगी।
अभी तक अस्पताल में ऑपरेशन के लिए केवल एक ही एनेस्थीसिया मशीन उपलब्ध थी। इसके कारण कई बार मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। नई मशीन मिलने से अब ऑपरेशन की प्रक्रिया तेज होगी और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
यह मशीन ऑपरेशन के दौरान मरीज की सांस, ऑक्सीजन स्तर और रक्तचाप की लगातार निगरानी करने में मदद करेगी। जरूरत पड़ने पर यह मशीन मरीज को कृत्रिम रूप से ऑक्सीजन देने का काम भी करेगी। इससे मरीज की सुरक्षा बढ़ेगी और डॉक्टरों को बेहतर तरीके से इलाज करने में सहायता मिलेगी।
आधुनिक एनेस्थीसिया मशीन में ऑक्सीजन, मेडिकल गैसों और दवाओं की मात्रा को सही स्तर पर नियंत्रित करने की सुविधा है। इसमें वेंटिलेटर, गैस सप्लाई और मॉनिटरिंग सिस्टम एक साथ जुड़े हुए हैं। इससे डॉक्टरों को अलग-अलग उपकरणों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस मशीन के मिलने से मरीजों को ऑपरेशन के दौरान अधिक आराम और सुरक्षा मिलेगी।
-
वर्जन:
सरकार की ओर से अस्पताल में मरीजों व डॉक्टरों को राहत देने के लिए 25 लाख रुपये की एनेस्थीसिया मशीन प्रदान की गई है। इससे मरीजों की सर्जरी में डॉक्टर पूरा ध्यान काम पर लगा पाएंगे और मरीज की बेहोशी, बीपी व श्वसन आदि प्रक्रिया मशीन संभालेगी।
-डॉ. जयप्रकाश, एसएमओ, महेंद्रगढ़