शहर के मुख्य चौराहे महावीर चौक पर करीब एक माह से खराब पड़ी ट्रैफिक लाइटें मंगलवार को ठीक कर दी गई हैं। अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए नप अधिकारियों ने तुरंत लाइटों को ठीक कराया। लाइटें ठीक होने के बाद मंगलवार को ट्रैफिक सही से चला। इससे वाहन चालकों व ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली है।
नारनौल शहर में मुख्य चौराहे महावीर चौक पर सौर ऊर्जा से संचालित ट्रैफिक लाइटें लगी हुई हैं। ये लाइटें मई 2016 में लगाई गई थी। इसके पहले इससे पूर्व यहां पर बिजली से चलने वाली लाइटें थी। जो अक्सर खराब हो जाती थी तथा फाल्ट ढूंढने में कर्मचारियों को काफी परेशानी होती थी। इसी परेशानी को देखते हुए यहां पर सौर ऊर्जा से संचालित ट्रैफिक लाइटें लगाई गई थी लेकिन ये ट्रैफिक लाइटें भी यहां पर कामयाब नहीं हुई। लगने के एक माह बाद ही ये खराब हो गई थी। करीब एक माह से ये लाइटें खराब पड़ी थी। जिसके बाद से इनकी किसी ने सुध नहीं ली थी।
चरमरा गई थी ट्रैफिक व्यवस्था
शहर का महावीर चौक सबसे व्यस्ततम चौक है। यहां पर लगी ट्रैफिक लाइटें खराब हो जाने के कारण सारी ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई थी। वहीं वाहन चालकों को इससे बड़ी परेशानी हो रही थी। कोहरे के मौसम में लाइटें खराब होने के कारण यहां हादसे का भी डर बन गया था।
अमर उजाला ने उठाया मुद्दा
ट्रैफिक लाइटें खराब होने का मुद्दा अमर उजाला ने मंगलवार को प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद परिषद के अधिकारी हरकत में आए तथा उन्होंने मंगलवार को ही इन लाइटों को ठीक करा दिया। जिसके बाद लोगों व ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।