नारनौल। रेलवे द्वारा ब्यास में आयोजित राधा स्वामी सत्संग के आयोजन को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए अजमेर-ब्यास- अजमेर (01 ट्रिप) सत्संग स्पेशल रेलसेवा का संचालन कर रहा है। इससे राधा स्वामी सत्संग में जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन करने में आसानी रहेगी।
नारनौल से राधा स्वामी सत्संग में हजारों श्रद्धालु जाते हैं। नारनौल से रेवाड़ी नजदीक होने से श्रद्धालु यहां से सफर कर सकेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09641 अजमेर-ब्यास स्पेशल रेल सेवा 27 जून को अजमेर से 17.15 बजे रवाना होकर अगले दिन 12.00 बजे ब्यास पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09642 ब्यास-अजमेर स्पेशल रेल सेवा 30 जून को ब्यास से 14.15 बजे रवाना होकर अगले दिन 09.45 बजे अजमेर पहुंचेगी। यह रेल सेवा मार्ग में किशनगढ, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी, भिवानी, हिसार, जाखल, धुरी, लुधियाना व जालंधर सिटी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस गाड़ी में 02 थर्ड एसी, 12 द्वितीय शयनयान, 08 साधारण श्रेणी एवं 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 24 डिब्बें होगें।