प्रदेश के कृषि विभाग के अधिकारी हर खेत में जाकर फसलों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद पोर्टल पर इसकी जानकारी अपलोड करेंगे। कृषि विभाग के अधिकारियों को यह काम पूरा करने के लिए 10 फरवरी तक का समय दिया गया है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपमंडल अधिकारी डॉ. अजय यादव ने कृषि अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसान अपनी जानकारी अपलोड कर रहे हैं। इन जानकारियों के रिकॉर्ड की जांच के लिए कृषि विभाग फिजिकल सर्वे करेगा। कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश अनुसार हर एक खेत की जांच की जानी है। ऐसे में कृषि विभाग की टीम हर गांव में हर खेत तक पहुंचेंगी। मौके का मुआयना कर खेत में खड़ी फसल का ब्योरा अपलोड करेंगे। कृषि विभाग के अधिकारियों- कर्मचारियों को एक आईडी प्रदान की जाएगी। जिसमें वह अपना पासवर्ड डालकर इसे लाग इन कर सकेंगे। इसके बाद अधिकारी जब गांव पहुंचेगा तो वहां मौके से रिकॉर्ड को अपलोड करेगा। जिसमें किला नंबर, मुसतिल नंबर, खसरा नंबर को भरा जाएगा। वहां पर लहलहा रही फसल का ब्योरा भी अपलोड किया जाएगा। पोर्टल मौके की जीपीएस लोकेशन के हिसाब से रिकॉर्ड का मिलान करेगा। उन्होंने बताया कि यह काम 10 फरवरी तक हर हाल में पूरा किया जाना है। कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
31 तक होगा पंजीकरण
डॉ. अजय यादव ने बताया कि कृषि विभाग ने मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल ओपन किया हुआ है। किसान 31 जनवरी तक अपनी फसल का ब्योरा इस पर अपलोड कर सकेंगे। इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराने वाले किसानों की फसल ही एमएसपी पर खरीदी जाएगी।