फोटो नंबर-08अटेली नपा चुनाव के बाद हार-जीत का समीकरण लगाते लोग। संवाद
मंडी अटेली। नगर पालिका चुनाव के मतदान के बाद अब शहर में उम्मीदवारों की हार-जीत के समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है। गत दिवस स्थानीय नगरपालिका के प्रधान एवं 12 वार्डों के पार्षद पद के लिए मतदान हुआ, जिसमें 5 प्रत्याशी प्रधान पद के लिए और 35 प्रत्याशी पार्षद पद के लिए मैदान में थे। इनमें 21 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल थीं।
कस्बे के 12 वार्डों में स्थाई रूप से रहने वाले 6332 मतदाताओं में से 4722 मतदाताओं ने अपने मत डाले। औसत मतदान 74.60 फीसदी रहा। वार्ड नंबर 9 में सबसे अधिक अस्सी फीसदी व वार्ड नंबर 6 में सबसे कम मात्र साठ फीसदी मतदान हुआ । मतदान के बाद सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं और कयास लगाए जा रहे हैं कि जीत का सेहरा किसके सिर पर सजेगा।
चुनाव के दौरान उम्मीदवारों ने शहर के चहुंमुखी विकास को लेकर मतदाताओं को रिझाने के लिए अपना अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। हालांकि नगरपालिका का यह चुनाव पार्टी निशान पर नहीं लड़ा गया लेकिन कुछ उम्मीदवारों ने राजनीतिक पार्टी के मत हासिल करने के लिए अपने चुनावी प्रचार के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के फोटो भी लगाए हुए थे।
मतदाताओं ने भी विकास कार्यों के आधार पर प्रत्याशियों पर नजर डालते हुए ईमानदार, शिक्षित, कर्मठ और संघर्षशील का चयन करने का प्रयास किया है। फिलहाल सभी उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद है। किस उम्मीदवार को कितने वोट हासिल होंगे, यह तो मतगणना के बाद ही पता चल पाएगा। उसके बाद ही नए पहलुओं पर नजर डाली जाएगी और यह पता चलेगा कि कौन से प्रत्याशी मतदाताओं की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं।