बार एसोसिएशन के सदस्य शुक्रवार को गिरफ्तारी देने डीएसपी कार्यालय पहुंचे। डीएसपी कुशल कुमार ने कहा अभी इस मामले की जांच चल रही है। जांच होने तक गिरफ्तारी नहीं की जा सकती। बार एसोसिएशन ने डीएसपी का घेराव किया। एसडीएम, डीएसपी, तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। अधिवक्ताओं ने कहा कि झूठे आरोपों के तहत केस दर्ज किए गए हैं। अधिवक्तओं ने कहा केस दर्ज के मामले को लेकर कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। जिसमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा डीएसपी के खिलाफ केस डालेंगे।
जिला मुख्यालय के लिए बार एसोसिएशन का धरना शुक्रवार को 53 वें दिन जारी रहा। जिसकी अध्यक्षता बार प्रधान अजीत सिंह यादव ने की। 12 जनवरी को बार एसोसिएशन के नेतृत्व में महेंद्रगढ़- नारनौल स्टेट हाईवे पर कैंची मोड़ के पास जाम लगाया गया था। जिसमें विधायक राव दान सिंह ने भी समर्थन दिया था। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार विजय कुमार के बयान पर बार प्रधान सहित एक हजार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। केस दर्ज किए जाने के विरोध में शुक्रवार को बार एसोसिएशन ने एसडीएम कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया। बार एसोसिएशन के सदस्य नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम छुट्टी पर होने के बाद बार सदस्य डीएसपी कार्यालय पहुंच गए थे। अधिवक्ताओं ने गिरफ्तार करो, गिरफ्तार करो, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मुर्दाबाद के नारे लगाए। अधिवक्ताओं ने डीएसपी से पूछा कि जब तहसीलदार शिकायत देने से इनकार कर रहा है तो किस आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिवक्ताओं ने कहा या तो गिरफ्तार करें या फिर उनके खिलाफ दर्ज झूठे केस को रद्द किया जाए।
बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान बंसीलाल ने कहा कि 12 जनवरी को जाम में शामिल अधिवक्ताओं सहित एक हजार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। प्रदर्शन में विधायक राव दान सिंह सहित बहुत से लोग थे। उनको छोड़कर अन्य लोगों पर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। तहसीलदार विजय सिंह पुलिस को कोई शिकायत देने से इनकार कर रहे हैं। एफआईआर में शिकायतकर्ता तहसीलदार ही हैं। हम आरोपी हैं तो हमें गिरफ्तार करें।
महिला अधिवक्ता 19 से बैठेंगी भूख हड़ताल पर:
जिला मुख्यालय की मांग को लेकर बार एसोसिएशन का आंदोलन दिन प्रतिदिन तेज होता जा रहा है। समर्थन देने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। महिला अधिवक्ताओं ने भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला लिया है। महिला अधिवक्ता अजनेश यादव ने बताया कि 19 जनवरी को महिला अधिवक्ता भूख हड़ताल पर बैठेंगी। अपने क्षेत्र के लिए कोई भी कुर्बानी देनी पड़े पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह महेंद्रगढ़ में आयोजित करने जाने की मांग उठाई।
वर्जन:
तहसीलदार की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। 12 जनवरी को तहसीलदार ड्यूटी मजिस्ट्रेट थे। उन्होंने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी थी। एसडीएम विश्राम कुमार मीणा ने रिपोर्ट मुझे भेज दी थी। मैंने रिपोर्ट को थाने में भेज दिया था।
कुशल कुमार, डीएसपी ,महेंद्रगढ़।