महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से डीएनए निष्कर्षण तकनीकों से परिचित कराने और विज्ञान में रुचि पैदा करने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली के विद्यार्थियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने आधुनिक वैज्ञानिक विधियों और उन्नत उपकरणों को अपनाने पर जोर दिया। प्रो. टंकेश्वर कुमार ने विद्यार्थियों से अन्वेषण करने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के शोध अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 सप्ताह तक चलेगा। इसमें प्रत्येक सप्ताह विभिन्न विद्यालयों के कक्षा ग्यारहवीं, बारहवीं और स्नातक विद्यार्थी प्रतिभागिता करेंगे।
विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में सहायक आचार्य और बायोटेक्नोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. रूपेश देशमुख ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली के 30 विद्यार्थियों ने पौधों के पत्तों से डीएनए निष्कर्षण की प्रक्रिया में भाग लिया। हकेंविवि के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के शोधार्थी बादल महाकल्कर और पवन कुमार ने कार्यशाला के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने आयोजन में विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला का समन्वय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली के प्रधानाचार्य डॉ. आईसी शर्मा ने किया। आयोजन में विद्यालय के दयानंद तथा अन्य शिक्षक स्टाफ ने कार्यशाला के सफल आयोजन में भूमिका निभाई।