आईटीआई में एडमिशन लेने के लिए इस बार आनलाइन आवेदन करना होगा। इस आनलाइन के लिए भी आवेदक को 100 रुपए खर्च कर स्क्रैच कार्ड लेना होगा। आनलाइन फार्म भरते समय इस स्क्रैच कार्ड में दर्शाए गए कोड को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ही एडमिशन फार्म जमा समझा जाएगा। इसके लिए महेंद्रगढ रोड स्थित आईटीआई संस्थान में सर्वप्रथम 500 स्क्रैच कार्ड मंगवाए गए है।
औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से आईटीआई में आनलाइन ही प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से आरंभ हो चुकी है। औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की वेबसाइट पर 10 जून शाम 4 बजे तक आनलाइन फार्म भरे जाएंगे। इसके बाद 22 जून को मेरिट के आधार पर पहली कट ऑफ लिस्ट जारी होगी। आवेदन कहीं भी बैठकर इंटरनेट के माध्यम से यह कट ऑफ लिस्ट देख सकता है।
आईटीआई में मिलेगा स्क्रैच कार्ड
एडमिशन के लिए आनलाइन आवेदन करते समय साइट में एक कार्ड नंबर मांगा जाएगा। यह कार्ड नंबर लेने के लिए आवेदक को नारनौल में महेंद्रगढ़ रोड स्थित आईटीआई में आना होगा। यहां सामान्य श्रेणी के लिए 100 रुपये और एससी श्रेणी के लिए 50 रुपये का स्क्रैच कार्ड दिया जाएगा।
20 कम्प्यूटर तैयार, कमेटी की गठित
महेंद्रगढ़ रोड स्थित आईटीआई परिसर के कंप्यूटर रूम में 20 कंप्यूटर पर आनलाइन एडमिशन किया जाएगा। इस पूरी एडमिशन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए कमेटी गठित की है। इस कमेटी में 16 लोगों को शामिल किया गया है। आनलाइन प्रक्रिया में बिजली गुल होने की सम्भावनाओं को देखते हुए जनरेटर की भी सुविधा की गई है।
नारनौल आईटीआई में है 19 ट्रेड
नारनौल की आईटीआई में विभिन्न 19 ट्रेड हैं। महेंद्रगढ़ आईटीआई की बात करें तो 16 ट्रेडों में विद्यार्थियों प्रशिक्षण ले रहे है। इसके अलावा सूजापुर, डेरोली अहीर व मालडा में चल रहे आईटीआई में 2-2 ट्रेड है। साथ ही प्राईवेट आईटीआईज में 3 से 4 ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिले में है नौ आईटीआई
जिले में नौ आईटीआई चल रही है। इनमें 5 सरकारी और 4 प्राईवट संस्थान है। नारनौल में 2 और महेंद्रगढ़, डेरोली अहीर, सुजापुर व मालडा में 1-1 सरकारी आईटीआई है। प्राईवेट संस्थान की बात करें तो अटेली, आकोदा, महेंद्रगढ़ व नारनौल में एक आईटीआई है। 10वीें व 12वीं कक्षा में बेहतर अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर आईटीआई में प्रवेश होता है।