कनीना। श्रावण मास की शिवरात्रि को 26 जुलाई को बाघोत स्थित बागेश्वार धाम में लगने वाले मेले की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। वीरवार को बीडीपीओ बलराम गुप्ता ने बाघोत मेला स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि शिव भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर के अंदर व बस स्टैंड से मंदिर तक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मेले में आने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत पुलिस टीम की हर पहलू पर नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि मेले में किसी भी प्रकार का हुड़दंग करने वालों को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। मंदिर कमेटी के प्रमुख सदस्य समाजसेवी महिपाल नंबरदार, सुनील, नीरज यादव सहित अन्य लोगों ने कनीना से छितरौली होकर बाघोत को जाने वाले जर्जर नहर की पुलिया को सही करने के लिए नहरी विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई है।
महिपाल नंबरदार ने बताया कि बाघोत धाम पर सावन माह में लाखों की संख्या में श्रृद्धालु जल चढ़ाने के लिए आते हैं। नारनौल, रेवाड़ी, बहरोड़, अलवर आदि जगहों से आने वाले श्रद्धालु कनीना से छितरौली होकर बाघोत पहुंचते हैं। रास्ते में नहर का पुलिया जर्जर स्थिति में है। इसके दोनों तरफ की दीवार टूटी हुई है यहां पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसको लेकर एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं ताकि शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।