फाेटो 1नीरपुर राजपूत में आयोजित मैच के दौरान का दृश्य।स्रोत:प्रशासन
नारनौल। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में जिले के गांव नीरपुर (राजपूत) में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान प्रशासन-11 और ग्रामीण-11 के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।
गांव के सम्राट पृथ्वीराज चौहान क्रिकेट स्टेडियम में नशामुक्ति का संदेश देने के लिए आयोजित इस डे-नाइट मुकाबले में प्रशासन-11 ने ग्रामीण-11 को ऑल आउट कर दो रनों से जीत हासिल की। सबसे पहले टॉस जीतकर प्रशासन-11 ने बल्लेबाजी करने का फैसला किया। प्रशासन-11 की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रामीण-11 की टीम 17.4 ओवर में 115 रन पर ही ऑल आउट हो गई। प्रशासन-11 की तरफ सुधीर ने 4 ओवर में केवल 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। प्रशासन-11 की तरफ से कप्तान अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। आनंद भारद्वाज ने 2.4 ओवर में 27 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसी प्रकार पंकज ने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए। बल्लेबाजी में नरेश कुमार ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। वहीं डीएसपी हरदीप सिंह ने 24 रन बनाए। इसी प्रकार एसडीएम महेंद्रगढ़ अनिल यादव ने 8 रन तथा डीएसपी दिनेश कुमार ने 7 रन बनाए।
एसडीएम नारनौल रमित यादव बिना रन बनाए पवेलियन लौटे। एसडीएम महेंद्रगढ़ अनिल यादव ने अच्छी विकेट कीपिंग की। ग्रामीण-11 की तरफ से अमिताभ जाझोट ने 21 रन, रतनपाल सरपंच ने 12 रन तथा जीत कुमार ने 15 रन बनाए। कप्तान योगेश राजपूत ने 14 रन बनाए। ग्रामीण-11 की तरफ से बालिंग में योगेश यादव ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए। कामेश ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट लिए। सरपंच रतनपाल ने तीन ओवर में 14 रन देकर एक विकेट हासिल की। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों ने मैच का आनंद उठाया। वहीं उपायुक्त डॉ. विवेक भारती तथा पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।