शहर की छात्रा अदिति ने क्लेट (संयुक्त लॉ प्रवेश परीक्षा) 2021 में राष्ट्रीय स्तर पर 6वां व प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अदिति नारनौल के मोहल्ला जमालपुर निवासी डॉ. दीपक वर्मा की पुत्री है। देश की प्रतिष्ठित 22 लॉ यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए क्लेट परीक्षा का आयोजन हर वर्ष अखिल भारतीय स्तर पर होता है। इस वर्ष यह परीक्षा 23 जुलाई 2021 को आयोजित की गई थी। पिता डॉ. दीपक ने बताया कि अदिति प्रारंभ से ही पढ़ाई में अव्वल रही। उसके माता पिता की यह इच्छा रही कि अदिति बड़ी होकर जज बने। अपने इरादे की पक्की अदिति ने निश्चय किया कि उसे देश के नंबर 1 लॉ संस्थान में प्रवेश लेना है और अपनी मेहनत व दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण सफलता हासिल की। अदिति के माता-पिता हरियाणा शिक्षा विभाग में कार्यरत है। पिता डॉ. दीपक वर्मा शिक्षा विभाग में प्राध्यापक के पद पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नावां में कार्यरत है तथा माता शिवानी राजपूत प्राथमिक अध्यापिका के पद पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला नूनी में कार्यरत है। अदिति की इच्छा है कि वो भविष्य में जज बनकर माता पिता के सपने को साकार करे।