नारनौल। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वालों पर पुलिस की नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों की सूची तैयार करने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही ऐसे लोगों के शस्त्र लाइसेंस भी रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि सोशल साइट्स पर इन दिनों हथियार के साथ अपनी फोटो पोस्ट करने का चलन सा हो गया है। कुछ लोग तो कई हथियारों के साथ अपनी फोटो अपने फेसबुक/इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट कर समाज में दहशत फैलाने का प्रयास करते हैं, जोकि गैरकानूनी है। समूह में हथियारों का प्रदर्शन करते हुए फोटो दिखाना भी आम बात हो गई है। ऐसे लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है, जो सोशल साइट्स पर हथियारों का प्रदर्शन करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि अगर आपको कोई हथियारों के साथ फेसबुक पर अपनी तस्वीरें अपलोड करने के बाद भय पैदा करने वाले संदेश पोस्ट करते हुए दिखाई देता है या ऐसे किसी के बारे में पता चलता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
कुछ लोग लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं, पुलिस ने इनके खिलाफ भी कार्रवाई कर दी गई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग कई हथियारों के साथ तस्वीर खिंचवा कर अपलोड करते हैं। शिकायत होने पर हथियार के साथ फोटो अपलोड करने वालों को तीन साल तक जेल हो सकती है और भारी भरकम जुर्माना भी अदा करना पड़ सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हथियार भले ही लाइसेंसी हो लेकिन उसका सावर्जनिक प्रदर्शन पूरी तरह से गैर कानूनी है। ऐसा करना असला लाइसेंस जारी करने के लिए तय शर्तों के उल्लंघन एवं असले के दुरुपयोग की परिधि में आता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पूरी तरह से सावर्जनिक मंच है। लिहाजा वहां हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करना सावर्जनिक प्रदर्शन के दायरे में आता है।