नारनौल तहसीलदार पर भ्रष्टाचार की शिकायत बारे कृषि मंत्री जेपी दलाल द्वारा किया गया टिवीट्।
- फोटो : Narnol
नारनौल। जन परिवेदना समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में तहसीलदार की शिकायत करने के बाद हुए बवाल मामले में कृषि मंत्री एवं जन परिवेदना समिति के चेयरमैन जेपी दलाल ने शनिवार को ट्विटर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से नारनौल तहसीलदार को भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित करने की सिफारिश की है। साथ ही उपायुक्त को तहसीलदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच करवाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह ट्वीट शनिवार को 1.52 पर किया था। वहीं उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करवाई है। उन्होंने कहा कि कमिश्नर ने जांच रिपोर्ट मांगी थी जो भेज दी गई है। कमिश्नर के आदेश के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत भवन में शुक्रवार को जन परिवेदना समिति की बैठक में काफी हंगामा हुआ था। एक व्यक्ति ने तहसीलदार विकास पर इंतकाल न चढ़ाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी तहसीलदार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। इस पर तहसीलदार ने कृषि मंत्री के पास खड़ा होकर कुछ शब्द बोले थे। इसको लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने मंत्री से तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जिलाध्यक्ष के समर्थन में कई सदस्य भी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए थे। तहसीलदार पर भाजपा जिलाध्यक्ष और एसडीएम से बदसलूकी करने के आरोप लगाए गए थे। इस दौरान ग्रीवेंस के सदस्य ने तहसीलदार पर भ्रष्टाचार की जांच चलने की बात कही। इसके बाद मंत्री ने एसडीएम मनोज कुमार से पूछा तो एसडीएम ने बताया कि तहसीलदार के खिलाफ अवैध कॉलोनी में प्लाटिंग रजिस्ट्रेशन का मामला था। रजिस्ट्रेशन में एनडीसी लेेनी जरूरी थी। जहां एनडीसी प्लॉट काटे गए संबंधित जगह न होकर दूसरी जगह थी। छह महीने पहले इसकी जांच की थी जिसकी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जा चुकी है। उन्होंने तहसीलदार को जांच में दोषी बताया था। इस पर कृषि मंत्री जेपी दलाल ने तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए थे।
-
बाक्स:
यह लिखा ट्वीटर पर
कृषि मंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि शुक्रवार को नारनौल में जिला परिवेदना समिति की बैठक के दौरान तहसीलदार पर भ्रष्टाचार की शिकायतें आने के बाद डीसी को एफआईआर दर्ज कर जांच करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री से भी भ्रष्टाचार में संलिप्त उक्त अधिकारी को निलंबित करने की सिफारिश की गई है।
-
हमारे पास जांच आई हुई थी और यह जांच की रिपोर्ट फाइनेंशियल कमिश्नर ने मांग ली है। हमने रिपोर्ट भेज दी है। कमिश्नर की जांच रिपोर्ट देखने के बाद जो भी कार्रवाई बनेगी, वह नियमानुसार की जाएगी।- डॉ. जेके आभीर, उपायुक्त नारनौल।