महेंद्रगढ़। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने नशीले पदार्थ सहित एक युवक को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम गश्त के दौरान बस अड्डा बुचावास पर मौजूद थी। उसी समय टीम को गुप्त सूचना मिली की सचिन निवासी बचीनी अवैध नशीला पदार्थ स्मैक बेचने का काम करता है और आज नशीले पदार्थ सहित झगड़ोली के रास्ते से नांगल हरनाथ बचीनी की ओर जाएगा।
सूचना पर टीम की ओर से रेलवे अंडरपास के नजदीक नाकाबंदी कर जांच शुरू की तो झगड़ोली की तरफ से एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सचिन बताया जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ थाना सदर महेंद्रगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। आरोपी को बुधवार न्यायालय में पेश किया गया।