नांगल चौधरी। स्थानीय अस्थाई बस स्टैंड के पास बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को बाइक मालिक ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी बाइक का लॉक खोलकर उसे लेकर भागने की तैयारी में था। इसी दौरान बाइक मालिक की नजर उस पर पड़ गई और उसने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
बाइक मालिक ने अपनी मोटरसाइकिल बस स्टैंड के पास खड़ी की थी और सामान लेने दुकान पर चला गया था। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधकर आए एक व्यक्ति ने बाइक का लॉक खोलने का प्रयास शुरू कर दिया।
बाइक मालिक दुकान से ही उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था। काफी देर तक लॉक खोलने के बाद जैसे ही आरोपी बाइक स्टार्ट कर भागने लगा, मालिक ने उसे दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
एक माह में करीब 10 बाइक चोरी :
क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लाइब्रेरी क्षेत्र, बीडीपीओ ब्लॉक और बस स्टैंड परिसर से बाइक चोरी होने के मामले सामने आए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक माह में 10 से ज्यादा बाइक चोरी हो चुकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
वर्जन :
पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है। अन्य बाइक चोरी की घटनाओं से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। चोरी हुई बाइकों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।-पवन कुमार, थाना प्रभारी, नांगल चौधरी।