महेंद्रगढ़। यादव सभा महेंद्रगढ़ में शनिवार को आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान विधायक ने सभा पर प्रदेश सरकार की ओर से दी गई सहयोग राशि के बोर्ड छिपाकर रखने के आरोप लगाया है।
साथ ही अन्य पार्टियों के सहयोग राशि के बोर्डों को शान से लगाने और सभा की कार्यशैली पर सवाल उठाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि यादव सभा ने तिरंगा यात्रा में कोई सहयोग नहीं किया। विधायक के आरोपों के बाद स्वास्थ्य मंत्री के सामने ही सभा में दस मिनट तक हंगामा चलता रहा।
यादव सभा के प्रधान एडवोकेट अभयराम ने मंच से ही इसका विरोध कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सहयोग करने वाले का नाम बोर्ड पर अंकित होता है। प्रदेश सरकार की ओर से दिए गए सहयोग राशि के भी बोर्ड लगे हुए हैं।
विधायक ने कहा कि 11 सालों के कार्यकाल में प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से सभा में करोड़ों रुपये का आर्थिक सहयोग किया है लेकिन सभा द्वारा उस सहयोग राशि के बोर्डों को छिपाकर रख लिया गया।