नारनौल। गांव कोरियावास स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के दानपात्र की चोरी के मामले में जयपुर के बासना निवासी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी को जयपुर के अचरोल क्षेत्र से पकड़ा है। पुलिस ने बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 29 मई को गांव कोरियावास निवासी और राधा-कृष्ण मंदिर कमेटी के सदस्य जयभगवान ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 28 मई की दोपहर को किसी ने मंदिर परिसर में प्रवेश कर वहां रखा हुआ दानपात्र चोरी कर लिया था।
मंदिर कमेटी के मुताबिक, इस दानपात्र को वर्ष में केवल एक बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ही खोला जाता है जिसमें लगभग 25 से 30 हजार रुपये की श्रद्धा राशि मौजूद होने का अनुमान था।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय खुफिया सूचनाओं का सहारा लिया। पुलिस ने मंदिर के दानपात्र को पहले ही बरामद कर लिया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।