फोटो नंबर-20पुलिस की गिरफ्त में आरोपी खाता धारक। स्रोत-पुलिस
नारनौल। साइबर थाना टीम ने साइबर ठगी की वारदात में प्रयोग हो रहे खाते पर धारक को गिरफ्तार किया गया है। साइबर थाना की पुलिस टीम ने ताजपुर अटेली के रहने वाले सचिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना खाता साइबर जालसाजों को दिया हुआ था।
आरोपी के खाते में साइबर ठगी की काफी राशि का ट्रांजेक्शन हुआ था। आरोपी के खाते के खिलाफ साइबर ठगी की काफी शिकायत थी। साइबर थाना की टीम ने एक्सिस बैंक लिमिटेड नारनौल शाखा के शाखा प्रमुख राजीव कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया। शाखा प्रमुख ने बताया कि उनकी ब्रांच के खाताधारक सचिन का बचत खाता सितंबर 2024 से नारनौल शाखा में खोला गया था।
बैंक की आंतरिक टीम ने सचिन के खाते में लेनदेन की संदिग्ध प्रकृति के बारे में एक अलर्ट की पहचान की और पाया कि यूपीआई और आईएमपीएस के माध्यम से असामान्य रूप से लगातार रुपये क्रेडिट हो रहे थे। उसके बाद एटीएम निकासी और अलग-अलग व्यक्तियों के खाते में आईएमपीएस ट्रांसफर के माध्यम से डेबिट हो रहे थे।खाते में लेनदेन ग्राहक के प्रोफाइल के अनुरूप नहीं थे और धन के स्रोत की पुष्टि नहीं की जा सकी। सचिन के खाते में लेनदेन के पैटर्न और नकारात्मक ईडीडी निष्कर्षों के आधार पर यह पाया गया कि सचिन के खाते का इस्तेमाल धोखाधड़ी वाले लेनदेन में प्रयोग करने के लिए किया गया था।
इसलिए सचिन पर अन्य अज्ञात लोगों के साथ धोखाधड़ी में शामिल होने का संदेह है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।